
सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस डे उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में प्रदेश का पहला “नर्सेस लेड क्लीनिक” का उद्घाटन कुलपति प्रो. डॉ अजय सिंह के कर कमलों के द्वारा किया गया। क्लीनिक का उद्घाटन नर्सिंग स्टाफ के द्वारा संपादित कार्यों के महत्व को सम्मानित करना था।

प्रो.डॉ. अजय सिंह ने क्लीनिक के परिवर्तनकारी प्रभाव पर प्रकाश डाला। कहा, नर्स-लेड क्लीनिकों की स्थापना स्वास्थ्य देखभाल के लिए महत्वपूर्ण प्रयास है। यह न केवल नर्सों के नैदानिक प्रशिक्षण को बल्कि नर्सिंग के सभी मनकों को बढ़ाएगा। नर्सिंग छात्रों के नैदानिक कौशल में सुधार होगा और रोगी की संतुष्टि को बढ़ाने के लिए पैशनेट केयर पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण देकर सिस्टम तैयार किया जाएगा, जो अंततः देश में बेहतरीन नर्सिंग प्रोफेशनल्स के विकास को बढ़ावा देगा। नर्सिंग संवर्ग के अधिकारी जो शिक्षा संबंधी कार्यों में सम्मिलित नहीं हैं उनके लिए छात्रों को प्रशिक्षित करने का अनोखा और नवीन कार्य साबित होगा। आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में, कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अजय सिंह ने नर्स-लेड क्लिनिक का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य देखभाल नवाचार में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल, प्रदेश में अपनी तरह की पहली है, इससे रोगी देखभाल और नर्सिंग पेशे में एक नई क्रांति होगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो0 डॉ अजय सिंह एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ नर्सें होती हैं, जो मरीजों की देखभाल एवं उपचार में अहम योगदान देती हैं।

नवनिर्मित नर्सेस लेड क्लीनिक में प्रशिक्षित नर्सिंग अधिकारी मरीजों को प्राथमिक परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता, नियमित जांच तथा आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में नर्सिंग अधिकारियों के द्वारा मनमोहक नृत्य एवं गायन कार्यक्रम के द्वारा नर्सिंग संवर्ग के कार्यों का प्रदर्शन किया ।साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले नर्सों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रति कुलपति , मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मुख्य नर्संग अधिकारी एवं डीन नर्सिंग एवं अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



