
एक संसदीय पैनल 16 जुलाई को स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत मेडिकल कोर्सों में प्रवेश से जुड़ी परीक्षा नीट-यूजी के संचालन पर चर्चा करेगा।
नीट-यूजी पहले ही दो अन्य संसदीय समितियों द्वारा चर्चा का विषय बन चुका है, जिन्होंने स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा मंत्रालयों के अधिकारियों के साथ-साथ परीक्षा आयोजित कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) और सीबीआइ के अधिकारियों को बुलाया था।
संसदीय समिति अगले सप्ताह करेगी चर्चा
समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण पर संसदीय स्थायी समिति अगले सप्ताह इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा करेगी।
यह समिति बैठक में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से जुड़ी रेगुलेटरी संस्थाओं के संगठनात्मक ढांचे, अधिकार-क्षेत्र और कामकाज की दक्षता के मुद्दों पर भी चर्चा करेगी।
नीट-यूजी तीन मई को आयोजित किया गया था लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद कर दिया गया था और 21 जून को इस परीक्षा को फिर से कराया गया था।
यह संसदीय समिति 15 जुलाई को बुलाई बैठक में सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सस्ती और सुलभता के मुद्दे पर भी चर्चा करेगी।



