उत्तराखंड: चार जिलों में ऑरेंज, तीन में भारी बारिश का रेड अलर्ट

अगले 24 घंटे पूरे उत्तराखंड में खास सतर्कता बरतने की जरूरत है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में और नदी-नालों के किनारे रहने वालों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में आज भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। यूएसनगर, नैनीताल और चंपावत के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मौसम विभाग की ओर से सबसे गंभीर स्तर की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और हरिद्वार में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से इन सातों जिलों में प्रशासन को तत्काल एहतियाती कदम उठाने की चेतावनी दी गई है।

पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे पूरे उत्तराखंड में खास सतर्कता बरतने की जरूरत है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में और नदी-नालों के किनारे रहने वालों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। सात जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा बाकी जनपदों में भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में बारिश ने बरपाया कहर,115 सड़कें बंद
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। सड़कों पर मलबा आने से कुछ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 115 सड़कें बंद हो गई हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग बोल्डर गिरने से बंद है। इसके अलावा जिले में 12 ग्रामीण मार्ग भी बंद हैं। जबकि देहरादून में एक राज्य और 14 ग्रामीण मार्ग, अल्मोड़ा में 13 ग्रामीण मार्ग, रुद्रप्रयाग में तीन, चमोली में नौ, नैनीताल में पांच, उत्तरकाशी और बागेश्वर में चार-चार और टिहरी में एक राज्य और 13 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। बंद सड़कों में सबसे अधिक 31 सड़कें पौड़ी जिले की हैं। इसमें दो राज्य मार्ग, एक मुख्य मार्ग और 28 ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।

कई जिलों में स्कूल बंद
भारी बारिश के अलर्ट के चलते आज प्रदेश के कई जिलों में 12वीं तक के सभी तरह के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। देहरादून, हरिद्वार, चमोली, पौड़ी, टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल जिले में जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button