अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस: सीएम रेखा गुप्ता ने बांटी सुरक्षा व शिक्षा किट

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर श्रमिकों को बधाई दी और दिल्ली के कर्मयोगियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर 1,000 निर्माण श्रमिकों को सुरक्षा किट तथा 100 श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा किट प्रदान की। 35,000 श्रमिकों को प्रशिक्षित करने की कौशल विकास पहल भी शुरू हुई। सरकार ने निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण और नवीनीकरण शुल्क माफ किया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘राष्ट्र निर्माण में अपनी अमूल्य भूमिका निभाने वाले सभी श्रमिक भाइयों-बहनों को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। शुक्रवार को श्रमिक सम्मान समारोह में सम्मिलित होकर कर्मयोगी साथियों को नमन करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में 1000 निर्माण श्रमिकों को सुरक्षा किट और श्रमिक परिवारों के 100 बच्चों को शिक्षा किट प्रदान की गई, साथ ही हर वर्ष 35,000 श्रमिकों को प्रशिक्षित करने वाले बड़े स्तर के कौशल विकास अभियान का शुभारंभ किया गया।

प्रधानमंत्री ने श्रमयोगियों के सम्मान को शासन की सोच और नीति के केंद्र में स्थापित किया है। उनके मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत’ का संकल्प श्रमिक सशक्तिकरण से ही आगे बढ़ता है, जहां हर श्रमिक सुरक्षित, सम्मानित और अवसरों से जुड़ा हो।’

निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण शुल्क किया माफ
सीएम ने कहा, हमारी सरकार द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण शुल्क को पूर्णतः माफ किया जा रहा है। “सामूहिक विवाह योजना” के माध्यम से श्रमिक परिवारों को सम्मानपूर्ण सहयोग मिलेगा। साथ ही, आधुनिक लेबर चौक और “श्रमिक सेवा केंद्र” स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से आवश्यक सेवाएं सीधे श्रमिकों तक पहुंचेंगी।

Related Articles

Back to top button